US Iran Ceasefire – अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर हमले की निर्धारित समय सीमा समाप्त होने से ठीक पहले एक बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर के आग्रह पर अमेरिका ने दो सप्ताह के लिए युद्धविराम का फैसला किया है। साथ ही, ट्रंप का दावा है कि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने और उनके 10-सूत्रीय प्रस्ताव को मान लिया है।
पाकिस्तान की भूमिका अहम
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा, “पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और फील्ड मार्शल असीम मुनीर के अनुरोध पर, जिन्होंने ईरान पर होने वाले विनाशकारी हमले को रोकने की गुजारिश की, मैं दो सप्ताह के लिए बमबारी और सैन्य कार्रवाई रोकने को तैयार हो गया हूँ। साथ ही, ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह, तुरंत और सुरक्षित खोलने की बात मान ली है।”
यह भी पढ़ें – KTM Duke 390 Price Hike – KTM Duke 390 की धांसू बाइक हुई ₹40,000 महंगी
‘यह दो तरफा संघर्ष विराम होगा’
अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा, “हमने अपने सभी सैन्य लक्ष्यों को न सिर्फ हासिल कर लिया है, बल्कि उनसे आगे निकल गए हैं। ईरान के साथ शांति और पूरे मध्य पूर्व में स्थिरता के लिए एक ठोस समझौता अब लगभग अंतिम चरण में है। ईरान की ओर से हमें 10 बिंदुओं का एक प्रस्ताव मिला है, जो आगे की बातचीत की ठोस नींव रखता है।”
दो सप्ताह की अवधि क्यों चुनी?
ट्रंप ने स्पष्ट किया कि यह दो सप्ताह का समय समझौते को अंतिम रूप देने और उसे पूरी तरह लागू करने में मदद करेगा। उन्होंने कहा, “अमेरिका और ईरान के बीच पुरानी दुश्मनी के लगभग सभी मुद्दों पर सहमति बन चुकी है। एक अमेरिकी राष्ट्रपति और मध्य पूर्व के देशों की ओर से मुझे गर्व है कि यह पुराना विवाद अब सुलझने के करीब है।”
वेंस की चेतावनी- ‘गेंद अब ईरान के पाले में’
इससे पहले मंगलवार को अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने बुडापेस्ट में हंगरी के प्रधानमंत्री विक्टर ओर्बन के साथ बातचीत के दौरान कहा कि अमेरिका कूटनीतिक समाधान को प्राथमिकता देता है, लेकिन उसके पास कड़े विकल्प भी मौजूद हैं। वेंस ने कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप अपनी ताकत को अच्छी तरह पहचानते हैं। अगर ईरान कोई नुकसान पहुँचाना चाहता है, तो अमेरिका उससे कहीं अधिक नुकसान पहुँचाने की क्षमता रखता है। हम नहीं चाहते कि ऐसा हो, इसलिए हम बातचीत की मेज पर इतनी मजबूती से बैठे हैं। लेकिन अब गेंद ईरानियों के पाले में है।”
