Dungarpur Road Accident: राजस्थान के डूंगरपुर से एक अमानवीय घटना की जानकारी सामने आ रही है, जहां शनिवार 4 जनवरी 2025 को देर रात एक अज्ञात वाहन ने एक बुजुर्ग को अपनी चपेट में ले लिया. घटना डूंगरपुर के धम्बोला थाना क्षेत्र के बांसिया गांव के कोदरिया मोड की है. बताया जा रहा है कि पहले तो वाहन ने बुजुर्ग को अपनी चपेट में लिया फिर बुजुर्ग को 1 किलोमीटर तक घसीटता हुआ सड़क पर चलता चला गया.
बुजुर्ग की हुई दर्दनाक मौत
सड़क पर 1 किलोमीटर तक घसीटे जाने की वजह से बुजुर्ग का शरीर क्षत-विक्षत हो गया. बुजुर्ग के शरीर पर कई जगह छिलने के घाव हो गए और एक पैर भी कट कर अलग हो गया. बताया जा रहा है की बुजुर्ग का कटा हुआ पैर 500 मीटर की दूरी पर पड़ा मिला है.
पुलिस पहुंची घटनास्थल पर
धम्बोला थाना अधिकारी मोहम्मद रिजवान खान ने बताया कि वह जानकारी मिलते ही बांसिया गांव के कोदरिया मोड पर पहुंच गए जहां यह दर्दनाक मौत हुई है. आते जाते राहगीरों ने पुलिस को सड़क पर पड़े शव की जानकारी दी थी. फिलहाल शव की पहचान नहीं हो पाई है. अभी के लिए शव को मौके से उठाकर सीमलवाड़ा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है. पुलिस अब बुजुर्ग की पहचान में लग गई है, साथ ही साथ अज्ञात वाहन का पता लगाने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ भी कर रही है, एवं सीसीटीवी फुटेज खंगालने की कोशिश भी कर रही है.
