Trump Warns Massive Iran Attack Today – अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा है कि ईरान अब मिडिल ईस्ट में ‘धौंस जमाने वाला’ नहीं, बल्कि ‘लूजर’ बन गया है। ट्रंप का यह बयान ईरान के राष्ट्रपति के उस वीडियो मैसेज के बाद आया है, जिसमें उन्होंने पड़ोसी देशों से माफी मांगी थी।”
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर कई पोस्ट किए हैं। उन्होंने लिखा है कि ईरान को बुरी तरह हराया जा रहा है और उसने अपने पड़ोसी देशों से माफी मांग ली है। ट्रंप के मुताबिक, ईरान ने यह वादा किया है कि अब वह अपने पड़ोसियों पर हमला नहीं करेगा। यह सब अमेरिका और इजरायल के लगातार हमलों की वजह से हुआ है।
‘ईरान का मकसद था मिडिल ईस्ट पर कब्जा’
ट्रंप ने आगे लिखा, ‘ईरान का मकसद पूरे मिडिल ईस्ट पर कब्जा करना और राज करना था। लेकिन यह पहली बार है जब ईरान हज़ारों सालों में अपने आसपास के देशों से हार गया है।’ उन्होंने यह भी दावा किया कि मिडिल ईस्ट के देशों ने उनका शुक्रिया अदा किया है।
‘ईरान अब मिडिल ईस्ट का लूजर’
ट्रंप ने ईरान को ‘मिडिल ईस्ट का लूजर’ करार दिया है। उन्होंने लिखा, ‘ईरान अब मिडिल ईस्ट पर धौंस जमाने वाला नहीं रहा, बल्कि वह मिडिल ईस्ट का लूजर बन गया है। आने वाले कई दशकों तक ऐसा ही रहेगा, जब तक कि वे पूरी तरह हार न मान लें या शायद पूरी तरह टूट न जाएं।’
यह भी पढ़ें – ईरान ने मांगी माफी! पड़ोसियों पर हमले बंद, एक शर्त रखी
‘आज ईरान पर बहुत बड़ा हमला होगा’
ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि ईरान पर और बड़ा हमला हो सकता है। उन्होंने लिखा, ‘आज ईरान पर बहुत बड़ा हमला होगा। ईरान के गलत व्यवहार की वजह से अब उन जगहों और लोगों को भी निशाना बनाने पर गंभीर विचार हो रहा है, जिन्हें अब तक निशाना बनाने पर विचार नहीं किया गया था।’
ईरान के राष्ट्रपति ने मांगी माफी
गौरतलब है कि इससे पहले ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने सरकारी टेलीविजन पर एक वीडियो मैसेज जारी किया था। इसमें उन्होंने अपने पड़ोसी देशों से माफी मांगते हुए कहा था, ‘मुझे लगता है कि उन पड़ोसी देशों से माफी मांगना जरूरी है, जिन पर हमला हुआ है। पड़ोसी देशों पर हमला करने का हमारा कोई इरादा नहीं है।’
ट्रंप के इस बयान को ईरान पर अमेरिका-इजरायल की सैन्य कार्रवाई की जीत के तौर पर देखा जा रहा है। फिलहाल ईरान की तरफ से ट्रंप के इस बयान पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।”
