Stock Market Crash – शेयर बाजार में पिछले कुछ दिनों से लगातार दबाव बना हुआ है। शुक्रवार को तो इसमें भारी गिरावट देखने को मिली। अब आशंका जताई जा रही है कि सोमवार को भी बाजार में बड़ी गिरावट आ सकती है। इसके पीछे तीन बड़े संकेत दिख रहे हैं—अमेरिकी बाजार का क्रैश, कच्चे तेल के दामों में तेज उछाल और रुपये का डॉलर के मुकाबले लगातार गिरना। आइए समझते हैं पूरा मामला।
पहला संकेत – अमेरिकी बाजार में भारी गिरावट
ग्लोबल मार्केट का मिजाज फिलहाल बेहद निगेटिव है। गुरुवार की तुलना में शुक्रवार रात को अमेरिकी बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई। Dow Jones 793.47 अंक यानी 1.73 फीसदी गिरकर 45,166.64 पर बंद हुआ। वहीं, S&P 112 अंकों की गिरावट के साथ 6,424 पर आ गया। अभी Dow Future 900 अंकों यानी करीब 2 फीसदी की गिरावट का संकेत दे रहे हैं। ऐसे में सोमवार को भारतीय बाजार पर इसका असर देखने को मिल सकता है।
दूसरा संकेत – कच्चा तेल 112 डॉलर के पार, बढ़ा संकट का खतरा
कच्चे तेल के दामों में लगातार तेजी देखी जा रही है। बुधवार को Brent क्रूड 100 डॉलर प्रति बैरल के नीचे कारोबार कर रहा था, लेकिन दो दिनों में ही इसने उछाल दिखा दिया। शुक्रवार को यह 4.22 फीसदी चढ़कर 112.57 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। वहीं, WTI क्रूड ऑयल में 5.46 फीसदी की तेजी आई और यह 99.64 डॉलर प्रति बैरल पर जा पहुंचा।
तेल के साथ-साथ नेचुरल गैस की कीमतों में भी तेजी देखने को मिली है। इंटरनेशनल कमोडिटी मार्केट में गैसोलीन के दाम 3.83 फीसदी चढ़कर 3.25 डॉलर पर पहुंच गए। तेल की बढ़ती कीमतों ने बाजार में दबाव को और बढ़ा दिया है।
तीसरा संकेत – रुपया डॉलर के मुकाबले लुढ़का, विदेशी निवेशकों की बिकवाली जारी
ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का सबसे बड़ा असर रुपये पर देखने को मिल रहा है। मिडिल ईस्ट में जंग की आशंका के चलते तेल और गैस खरीदने के लिए अधिक डॉलर खर्च करने पड़ रहे हैं। साथ ही, एक्सपोर्ट भी प्रभावित हुआ है और विदेशी निवेशक लगातार भारतीय बाजार से पैसा निकाल रहे हैं।
मार्च महीने में ही विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक की बिकवाली कर डाली है। इसका नतीजा यह हुआ कि रुपया अब 95 के स्तर के करीब पहुंच गया है और हर दिन नया ऑलटाइम लो बना रहा है। सोमवार को जब बाजार खुलेगा, तो रुपये में फिर दबाव देखने को मिल सकता है, जिसका असर शेयर बाजार पर पड़ेगा।
शुक्रवार को भारतीय बाजार में 9 लाख करोड़ डूबे
शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में भीषण गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स 1,690 अंक यानी 2.25 फीसदी गिरकर 73,583 पर बंद हुआ। निफ्टी में 486 अंक यानी 2.09 फीसदी की गिरावट आई और यह 22,819 पर बंद हुआ। इस एक दिन की गिरावट में निवेशकों को करीब 9 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
ट्रंप ने ईरान को दी 10 दिनों की मोहलत, क्या घट सकता है तनाव?
इन सबके बीच एक राहत भरी खबर भी सामने आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने के लिए 10 दिनों का और मौका दिया है। उन्होंने यह भी कहा है कि वह 6 अप्रैल तक ईरान के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर कोई हमला नहीं करेंगे। ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान किसी भी तरह से यह समझौता करने के लिए भीख मांग रहा है और डील को लेकर अच्छी बातचीत हो रही है। हालांकि, जब तक पूरी तरह समझौता नहीं हो जाता, तब तक बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है।
डिस्क्लेमर – हमारे द्वारा किसी शेयर की दी गई जानकारी उसके परफॉर्मेंस पर आधारित होती है। यह हमारे द्वारा दी गई कोई निवेश की सलाह नहीं है।शेयर बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन हैं कृपया निवेश करने से पहले अपने फाइनेंशियल एडवाइजर से सलाह ले।
