Sanjay Singh Blasts Raghav Chadha Missing in AAP Crisis – दिल्ली की राजनीति में इन दिनों आम आदमी पार्टी और उसके राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के बीच तनातनी खुलकर सामने आ गई है। पार्टी ने न सिर्फ उन्हें डिप्टी लीडर के पद से हटा दिया है, बल्कि यह भी फैसला किया है कि उन्हें संसद में बोलने से रोका जाए। राघव चड्ढा ने इस पर एक वीडियो जारी कर सवाल उठाए थे। अब इस वीडियो का जवाब पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने दिया है। उन्होंने चड्ढा पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
संजय सिंह ने क्या कहा?
संजय सिंह ने कहा कि राघव चड्ढा का वीडियो देखने के बाद वह हैरान हैं। उन्होंने कहा, “हम सब अरविंद केजरीवाल के सच्चे सिपाही हैं और उनसे हमने निडर होकर लड़ना और संघर्ष करना सीखा है। लेकिन बड़े अफसोस के साथ कहना पड़ रहा है कि जब पार्टी के खिलाफ मुश्किल घड़ी आती है, तो आप (राघव चड्ढा) पीछे हट जाते हैं।”
ये आरोप भी लगाए
संजय सिंह ने चड्ढा पर आरोप लगाते हुए कहा:
- जब CEC के खिलाफ प्रस्ताव आया तो आपने साइन नहीं किए
- पश्चिम बंगाल में लोगों के वोट के अधिकार छीने जा रहे हैं, उस पर चुप रहे
- दिल्ली में चुनाव आयोग का दुरुपयोग हुआ, उस पर भी नहीं बोले
- पंजाब के मुद्दे पर भी आप मौन रहे
- PM मोदी के खिलाफ आवाज नहीं उठाई
‘गुजरात में पिट रहे कार्यकर्ता, उस पर भी मौन’
संजय सिंह ने आगे कहा, “देश के जितने भी जनहित के मुद्दे हैं, पार्टी के कार्यकर्ताओं से जुड़े मामले हैं, उन पर आप बात नहीं करते। गुजरात में हमारे कार्यकर्ताओं को पीटा जाता है, उस पर आप चुप रहते हैं। केंद्र की मोदी सरकार पंजाब के अधिकार छीनने का काम कर रही है, उस पर भी आपकी कोई आवाज नहीं है।”
‘वॉकआउट के समय भी पीछे हट जाते हैं’
संजय सिंह ने एक और तंज कसते हुए कहा, “जब संसद में कई मुद्दों पर वॉकआउट करना होता है, तो आप उस समय भी पीछे हट जाते हैं। देश आपसे जवाब चाहता है, लोग आपसे सवाल कर रहे हैं।” उन्होंने अपनी बात को ‘जय हिंद’ कहकर समाप्त किया।
क्या है पूरा मामला?
राघव चड्ढा को हाल ही में आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा में डिप्टी लीडर के पद से हटा दिया था। इसके अलावा, पार्टी ने यह भी कहा है कि उन्हें संसद में बोलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके बाद चड्ढा ने एक वीडियो जारी कर सवाल किया था कि उन्होंने ऐसी क्या गलती की है कि उन्हें चुप कराया जा रहा है। उन्होंने कहा था कि वह जनता के मुद्दे उठाते हैं, शायद यही उनकी गलती है।
अब आम आदमी पार्टी और राघव चड्ढा के बीच जारी इस खींचतान ने नया मोड़ ले लिया है। एक तरफ जहां चड्ढा अपने ऊपर हो रही कार्रवाई को सवालों के घेरे में रख रहे हैं, वहीं पार्टी नेता संजय सिंह ने उन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप लगाया है। फिलहाल, पार्टी के अंदर चल रही इस अनबन के किस ओर जाती है, यह आने वाले दिनों में ही साफ होगा।
