RPSC SI Exam Drunk Student Hits RPSC SI Exam In Alwar – राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की SI भर्ती 2025 परीक्षा के दूसरे दिन अलवर के एक सेंटर से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक अभ्यर्थी शराब के नशे में परीक्षा देने पहुंच गया। जैसे ही सेंटर के कर्मचारियों को पता चला, उन्होंने उसे तुरंत हॉल से बाहर का रास्ता दिखा दिया।
सुबह-सुबह शराब, फिर सेंटर में एंट्री
पूरा मामला अलवर के जैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेंटर का है। लक्ष्मणगढ़ निवासी जितेंद्र कुमार नाम का युवक सुबह करीब 9:50 पर परीक्षा केंद्र में घुस चुका था। लेकिन उसके चाल-चलन और आवाज से ही कर्मचारियों को शक हो गया कि वह नशे में है। जांच करने पर मामला साफ हो गया, और उसे बाहर निकाल दिया गया।
गेट पर बैठा रहा, फिर हुआ लापता
बाहर निकाले जाने के बाद वह करीब 20 मिनट तक परीक्षा केंद्र के गेट पर ही बैठा रहा। इस दौरान कुछ अन्य अभ्यर्थियों ने उसकी हालत देखी। बाद में वह वहां से चुपचाप चला गया। फिलहाल, पुलिस और परीक्षा प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है।
देरी से पहुंचने वालों को मिली निराशा
वहीं, कई अभ्यर्थी ऐसे भी रहे जो देरी से पहुंचने के कारण परीक्षा में शामिल नहीं हो सके। परीक्षा केंद्रों के गेट सुबह 9 बज से खोले गए थे और 10 बजे बंद कर दिए गए। उसके बाद जो भी पहुंचा, उसे वापस लौटना पड़ा।
दूसरी पारी में सामान्य ज्ञान की परीक्षा
पहली पारी में सामान्य हिंदी का पेपर सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक हुआ। दूसरी पारी में सामान्य ज्ञान की परीक्षा दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक होगी। इसके लिए दोपहर 1 बजे से एंट्री शुरू हो जाएगी।
पूरे प्रदेश में 3.85 लाख अभ्यर्थी दे रहे परीक्षा
परीक्षा के लिए प्रदेश के 26 जिलों के 41 शहरों में कुल 1174 सेंटर बनाए गए हैं। आज करीब 3 लाख 85 हजार 20 अभ्यर्थी इन केंद्रों पर परीक्षा दे रहे हैं। पिछली बार SI भर्ती परीक्षा (2021) पेपर लीक और नकल के कारण रद्द हो गई थी। इस बार आयोग ने सुरक्षा को लेकर कमर कस रखी है। हर सेंटर पर सख्त निगरानी और ड्रोन से नजर रखी जा रही है।
हालांकि, नशे में परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थी की वारदात ने आयोग के सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि आयोग ऐसे मामलों में क्या सख्त कार्रवाई करता है।
