Rajasthan EV Boom – इलेक्ट्रिक वाहन चलाने वालों के लिए अच्छी खबर है। राजस्थान में अब ईवी चार्जिंग का ढांचा मजबूत होने जा रहा है। केंद्र सरकार ने राजस्थान अक्षय ऊर्जा निगम के प्रस्ताव को हरी झंडी देते हुए 81.12 करोड़ रुपये की मदद जारी कर दी है। इस पैकेज के तहत प्रदेश के 4 स्मार्ट शहरों और हाईवे पर 591 नए चार्जिंग स्टेशन बनेंगे।
किन शहरों में कितने स्टेशन?
पीएम ई-ड्राइव योजना के तहत यह तय हुआ है:
· जयपुर – 112 स्टेशन
· अजमेर – 49 स्टेशन
· उदयपुर – 39 स्टेशन
· कोटा – 28 स्टेशन
· राष्ट्रीय और राज्य राजमार्ग – 34 स्टेशन
यानी राजधानी से लेकर हाईवे तक, अब ईवी यूजर्स को चार्जिंग के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।
यह भी पढ़ें – सारा अली खान ने मुंबई स्थित बंगला, 5 साल के लिए 4.14 करोड़ में लीज पर दिया
प्रदूषण मुक्त राजस्थान की ओर कदम
इस योजना का मकसद सिर्फ चार्जिंग स्टेशन लगाना नहीं है, बल्कि प्रदूषण को कम करना और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देना है। कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी और लोग क्लीन एनर्जी की तरफ बढ़ेंगे। राजस्थान अब धीरे-धीरे साफ और सस्ती ऊर्जा वाला राज्य बनने की राह पर है।
क्या है पीएम ई-ड्राइव योजना?
यह केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका पूरा नाम है – पीएम इलेक्ट्रिक ड्राइव रिवॉल्यूशन इन इनोवेटिव व्हीकल एन्हांसमेंट। इसके जरिए देश में ईवी अपनाने की रफ्तार तेज करना, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर बनाना और मजबूत ईवी मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम खड़ा करना है।
सरकारी जमीन पर बनेंगे स्टेशन
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नगर के मुताबिक, मुख्यमंत्री के प्रयासों से अब शहर और हाईवे – दोनों जगह ईवी चार्जिंग की सुविधा आसान हो जाएगी। ये सभी स्टेशन विभिन्न सरकारी विभागों की जमीन पर बनाए जाएंगे। राजस्थान अक्षय ऊर्जा निगम इस परियोजना को जमीनी स्तर पर लागू करने की कमान संभालेगा।
लंबी दूरी की यात्रा करने वालों के लिए यह राहत की बड़ी खबर है। अब बसों, कारों और दोपहिया वाहनों को चार्जिंग के लिए रुकना आसान होगा।
