Raghav Chadha Fires Back – आम आदमी पार्टी ने हाल ही में राघव चड्ढा को राज्यसभा में अपना डिप्टी लीडर पद से हटा दिया। इसके बाद पार्टी और उसके कई नेताओं ने राघव पर कई गंभीर आरोप लगाए। अब इन सबके बीच राघव चड्ढा ने चुप्पी तोड़ी है और फिल्म ‘धुरंधर’ के मशहूर डायलॉग ‘घायल हूं, इसलिए घातक हूं’ के साथ पार्टी को जवाब दिया है।
वीडियो जारी कर किया सफाई का ऐलान
राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में उन्होंने अपने ऊपर लगाए जा रहे सभी आरोपों को ‘पूरी तरह झूठा’ बताया है। साथ ही, उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके खिलाफ एक सुनियोजित साजिश रची जा रही है।
राघव ने वीडियो में बताया कि पहले तो उन्होंने सोचा था कि इन आरोपों का जवाब न दें, लेकिन बाद में उन्हें लगा कि अगर एक झूठ को बार-बार दोहराया जाए, तो कुछ लोग उसे सच मान सकते हैं। इसलिए उन्होंने सफाई देने का फैसला किया।
AAP के तीन आरोप और राघव की सफाई
आप सांसद ने वीडियो में कहा कि पार्टी ने उन पर तीन मुख्य आरोप लगाते हुए कहा कि इन्हीं वजहों से उन्हें संसद में बोलने का मौका नहीं दिया जाएगा। राघव ने एक-एक करके इन तीनों आरोपों पर अपनी बात रखी।
पहला आरोप – वॉकआउट में नहीं देते साथ
राघव के मुताबिक, AAP का आरोप है कि जब विपक्ष सदन से वॉकआउट करता है, तो वह वहीं बैठे रहते हैं। इस पर राघव ने कड़ा पलटवार करते हुए कहा, ‘यह सरासर झूठ है। मैं चुनौती देता हूं कि एक भी दिन बताइए जब विपक्ष ने वॉकआउट किया हो और मैं उनके साथ न गया हूं। संसद में हर जगह CCTV कैमरे लगे हैं, निकालकर दिखा दीजिए।’
दूसरा आरोप – CEC इंपीचमेंट पर नहीं लगाए हस्ताक्षर
राघव ने बताया कि उन पर यह भी आरोप है कि उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के महाभियोग प्रस्ताव पर हस्ताक्षर करने से मना कर दिया। उन्होंने इसे भी पूरी तरह गलत बताया और कहा, ‘मुझे पार्टी के किसी भी नेता ने इस मोशन पर साइन करने के लिए कभी कहा ही नहीं।’उन्होंने आगे कहा, ‘आम आदमी पार्टी के राज्यसभा में कुल 10 सांसद हैं, जिनमें से 6 या 7 ने खुद साइन नहीं किए, तो सारा दोष मुझ पर ही क्यों थोपा जा रहा है? इस मोशन के लिए सिर्फ 50 सिग्नेचर चाहिए थे और विपक्ष के पास 105 सांसद हैं, तो इतना हंगामा क्यों?’
मैं बोलना नहीं चाहता था, मगर चुप रहता तो बार-बार दोहराया गया झूठ भी सच लगने लगता।
Three Allegations. Zero Truth.
My Response: pic.twitter.com/tPdjp04TLt
— Raghav Chadha (@raghav_chadha) April 4, 2026
तीसरा आरोप – बेकार मुद्दे उठाते हैं
राघव ने बताया कि तीसरा आरोप यह है कि वह डर गए हैं और इसलिए बेकार के मुद्दे उठाते हैं। इस पर उन्होंने साफ कहा, ‘मैं संसद में शोर मचाने, माइक तोड़ने या गाली देने नहीं गया। मैं वहां जनता के असली मुद्दे लेकर गया हूं।’
उन्होंने अपने उठाए गए मुद्दों की लंबी सूची भी पेश की:
- GST से लेकर इनकम टैक्स तक
- पंजाब के पानी और दिल्ली की हवा का मुद्दा
- सरकारी स्कूलों और सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति
- रेलवे में यात्रियों की समस्याएं
- मेंस्ट्रुअल हेल्थ जैसे संवेदनशील मुद्दे
- बेरोजगारी और महंगाई
‘हर झूठ का होगा पर्दाफाश’
राघव चड्ढा ने अंत में कहा कि कोई भी उनके चार साल के संसदीय रिकॉर्ड को देख सकता है। वह हंगामा नहीं, बल्कि असर पैदा करने गए थे। उन्होंने कहा, ‘जो लोग आज मुझ पर झूठे आरोप लगा रहे हैं, हर झूठ का पर्दाफाश होगा और हर सवाल का जवाब दिया जाएगा। क्योंकि मैं घायल हूं, इसलिए घातक हूं।’
