Jaipur Scandal Japanese Woman Harassed by 5 Boys – राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। ऐतिहासिक आमेर इलाके में घूमने आई एक जापानी महिला के साथ पांच युवकों ने छेड़छाड़ की। यह घटना जयगढ़ किले के पास की है, जहां महिला सुबह-सुबह अकेली घूमने पहुंची थी।
सुनसान रास्ते पर अकेला देख बनाया निशाना
आमेर थाने के SHO गौतम डोटासरा के अनुसार, जापान से राजस्थान की सैर पर आई महिला रविवार सुबह करीब आठ बजे जयगढ़ किला देखने गई थी। वह किले के पास स्थित गणेश मंदिर की ओर जा रही थी, तभी एक सुनसान रास्ते पर पांच युवकों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने महिला के साथ गंदी हरकतें शुरू कर दीं।
शोर मचाकर बचाई अपनी जान
पीड़िता ने हिम्मत नहीं हारी। उसने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया और किसी तरह वहां से भागकर पास में तैनात एक सुरक्षा गार्ड तक पहुंची। महिला की बदहवास हालत देख गार्ड समझ गया कि कुछ गड़बड़ है। उसने तुरंत पुलिस को फोन लगा दिया। महिला की चीख सुनकर और गार्ड को आता देख पांचों आरोपी फरार हो गए।
यह भी पढ़ें – जयपुर में बड़ा खुलासा – गन स्टोर से पुलिस-आर्मी के कारतूस बरामद, टाइगर की खाल भी मिली
सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो एक फुटेज में पांच युवक संदिग्ध हालत में पहाड़ी से नीचे उतरते दिखे। पुलिस इनके हुलिए के आधार पर इलाके के स्थानीय बदमाशों और गाइडों की सूची खंगाल रही है।
दो-तीन दिन पहले ही आई थी भारत
बताया जा रहा है कि महिला महज दो-तीन दिन पहले ही जापान से राजस्थान घूमने आई थी। उसकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। SHO का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को धर दबोचा जाएगा।
यह घटना एक बार फिर पर्यटकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रही है, खासकर उन विदेशी महिलाओं के लिए जो अकेले भारत घूमने आती हैं।
