Jaipur RTO-Passport Bomb Threat! – एक बड़ी खबर राजस्थान की राजधानी जयपुर से सामने आ रही है। जयपुर के दो पासपोर्ट कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी भरा ई-मेल खुद को आईएसआई से जुड़ा बताने वाले शख्स ने भेजा है।
मंगलवार सुबह करीब 10 बजे यह धमकी भरा ई-मेल आया। इसमें दोपहर 1:10 बजे ब्लास्ट होने की बात कही गई थी। यह ई-मेल ऑर्बिट मॉल स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र और झालाना स्थित रीजनल पासपोर्ट ऑफिस को भेजा गया था।
मौके पर पहुंची टीमें
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस, आतंकवाद विरोधी दस्ता (एटीएस) और बम डिफ्यूज टीम मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा को देखते हुए दोनों कार्यालयों में मौजूद कर्मचारियों और आम लोगों को तुरंत बाहर निकाल दिया गया। इसके बाद टीमों ने दोनों जगहों पर सर्च ऑपरेशन चलाया।
करीब एक घंटे चली जांच
करीब एक घंटे तक चली जांच के बाद सुरक्षा एजेंसियों को कार्यालयों में किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। फिलहाल एजेंसियां इसे फर्जी धमकी मानकर चल रही हैं।
यह भी पढ़ें – SMS स्टेडियम में IPL के 4 मैच! 31 मार्च पहला, सच क्या?
कई शहरों को भी धमकी
जानकारी के मुताबिक, सिर्फ जयपुर ही नहीं बल्कि जैसलमेर, कोटा सहित प्रदेश के कई शहरों के पासपोर्ट कार्यालयों को भी यह धमकी भरा ई-मेल भेजा गया है। सुरक्षा के लिहाज से सभी जगहों पर जांच और सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
जांच में जुटी एजेंसियां
पुलिस और जांच एजेंसियां अब इस ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। फिलहाल फर्जी धमकी से लोगों में दहशत का माहौल है।”
