Commercial Gas Shortage – अब एक ऐसी खबर जो सीधा आपके खान-पान से जुड़ी है। मिडिल ईस्ट में चल रही जंग का असर अब होटलों के किचन तक पहुंच गया है। कमर्शियल LPG सिलेंडरों की भारी किल्लत के चलते होटलों में खाने के मेन्यू में कटौती शुरू हो गई है। आइए जानते हैं पूरा मामला।
केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी से यह खबर सामने आ रही है। यहां कमर्शियल LPG सिलेंडरों की इतनी किल्लत हो गई है कि होटल और रेस्टोरेंट संचालकों की कमर टूट गई है। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव की वजह से सप्लाई चेन पूरी तरह बिगड़ गई है, जिससे डीलरों के पास कमर्शियल सिलेंडर का स्टॉक ही खत्म हो गया है।
मेन्यू में कटौती शुरू
होटल मालिक अब अपने बचे-खुचे स्टॉक को लंबे समय तक चलाने के लिए फ्यूल-सेविंग मेन्यू अपना रहे हैं। एक होटल मालिक ने बताया कि अब वे टिफिन आइटम की बिक्री बंद कर रहे हैं। शाम 4 से 7 बजे के बीच सिर्फ चाय, कॉफी या जूस ही बेचा जा रहा है। गर्मा-गर्म पराठे, पकौड़े जैसे आइटम फिलहाल मेन्यू से गायब हैं।
नई बुकिंग पर शर्तें
अब होटलों ने नई बुकिंग पर शर्तें लगानी शुरू कर दी हैं। बैंक्वेट या रूम बुकिंग करने वाले ग्राहकों को पहले ही बता दिया जा रहा है कि खाने की निर्बाध सप्लाई में दिक्कत आ सकती है। बाहर का खाना लाने की भी इजाजत नहीं दी जा रही है।
यह भी पढ़ें – ईरान-इजरायल जंग से फरीदाबाद में गैस सिलेंडर इतने दिन बाद बुक होंगे
घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता
LPG डीलरों के मुताबिक, केंद्र सरकार ने साफ आदेश दिया है कि सिलेंडरों की सप्लाई में घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जाए। इस आदेश के बाद कमर्शियल सेक्टर के लिए रिफिलिंग रोक दी गई है। एक डीलर ने बताया, ‘हमें सिर्फ घरेलू सप्लाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। कमर्शियल के लिए हमारे पास स्टॉक ही नहीं है।’
स्टॉक की भारी कमी
होटल संचालकों के सामने स्थिति यह है कि जहां रोजाना 6 सिलेंडरों की जरूरत है, वहां उनके पास सिर्फ 3 का स्टॉक बचा है। डीलरों का कहना है कि पड़ोसी राज्यों में स्थिति और भी खराब है। वहां कुछ होटलों के बंद होने की नौबत आ गई है।
राहत की बात
राहत की बात यह है कि घरेलू रसोई गैस की सप्लाई पर फिलहाल कोई असर नहीं पड़ा है। यानी आपके घर का चूल्हा जलता रहेगा, लेकिन होटल-रेस्टोरेंट में खाना थोड़ा सीमित हो सकता है।”
