Gas Pipeline Rules 2026 – अगर आपके घर के पास गैस पाइपलाइन आ चुकी है और आपने अब तक PNG कनेक्शन नहीं लिया है, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। केंद्र सरकार ने अब पाइप वाली गैस (PNG) का कनेक्शन लेना अनिवार्य कर दिया है। अगर आपने 90 दिन के भीतर कनेक्शन नहीं लिया, तो आपके घर आने वाला LPG सिलेंडर बंद कर दिया जाएगा। यह बड़ा फैसला मिडिल-ईस्ट में जारी युद्ध और बढ़ती गैस किल्लत को देखते हुए लिया गया है।
क्यों लिया गया यह फैसला?
मिडिल ईस्ट में ईरान-इजरायल जंग के चलते गैस सप्लाई पर गहरा संकट आ गया है। होर्मुज स्ट्रेट से गैस की आवाजाही लगभग ठप है। ऐसे में सरकार ने ‘नेचुरल गैस और पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स डिस्ट्रीब्यूशन ऑर्डर 2026’ लागू कर दिया है। इसका मकसद घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की कमी न होने देना है। सरकार ने यह आदेश ‘आवश्यक वस्तु अधिनियम’ के तहत जारी किया है, ताकि युद्ध जैसी स्थिति में भी रसोई गैस की सप्लाई बनी रहे।
नए नियम की 4 बड़ी बातें
1. सोसाइटी को 3 दिन के अंदर मंजूरी देनी होगी
अब तक कई बार हाउसिंग सोसायटियों या RWA के विरोध की वजह से पाइपलाइन का काम रुक जाता था। अब ऐसा नहीं होगा। अगर कोई कंपनी पाइपलाइन बिछाने के लिए रास्ता मांगती है, तो सोसाइटी को 3 दिन के अंदर मंजूरी देनी होगी। अगर सोसाइटी ने मना किया या देरी की, तो वहां रहने वाले सभी घरों की LPG सप्लाई रोक दी जाएगी।
2. छोटे इलाकों को 10 दिन में मंजूरी
पाइपलाइन बिछाने के लिए अब सरकारी विभागों को फाइलें अटकाने की इजाजत नहीं है। छोटे नेटवर्क के लिए 10 दिन और बड़ी लाइनों के लिए 60 दिन में मंजूरी देना अनिवार्य है। अगर विभाग तय समय में जवाब नहीं देता, तो उसे ‘डीम्ड क्लियरेंस’ यानी ऑटोमैटिक मंजूरी मान लिया जाएगा और काम शुरू कर दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें – गंजेपन का अंत! लैब तकनीक से उगेंगे असली बाल, वैज्ञानिकों का दावा
3. जमीन मालिक को दोगुना मुआवजा
अगर पाइपलाइन किसी की निजी जमीन से गुजर रही है, तो अब मुआवजे को लेकर सालों तक केस नहीं चलेंगे। सरकार ने इसके लिए फिक्स फॉर्मूला बना दिया है:
- जमीन के कमर्शियल सर्किल रेट का 30% हिस्सा मालिक को मुआवजे के तौर पर दिया जाएगा।
- अगर जमीन मालिक आवेदन मिलने के 24 घंटे में मंजूरी दे देता है, तो उसे दोगुना यानी 60% मुआवजा मिलेगा।
- अगर जमीन मालिक मंजूरी नहीं देता है, तो ‘डेजिग्नेटेड अथॉरिटी’ (कलेक्टर या अन्य अधिकारी) फैसला लेंगे।
4. PNG यूजर्स को नहीं मिलेगा LPG सिलेंडर
सरकार ने 14 मार्च को ही PNG कनेक्शन को लेकर नए नियम जारी किए थे। इसके तहत अगर आपके घर में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन है, तो अब आपको अपना LPG सिलेंडर सरेंडर करना होगा। PNG यूजर्स को न तो नया LPG कनेक्शन मिलेगा और न ही पुराना सिलेंडर रिफिल होगा।
यूजर्स के लिए 3 बड़े सवाल
सवाल 1: क्या मुझे अभी सिलेंडर लौटाना होगा?
जवाब: नहीं, अभी नहीं। आपके इलाके में पाइपलाइन एक्टिव होने और आपको नोटिस मिलने के बाद 3 महीने की उल्टी गिनती शुरू होगी। उसके बाद ही सिलेंडर बंद किया जाएगा।
सवाल 2: क्या PNG, सिलेंडर से सस्ती है?
जवाब: आमतौर पर PNG का बिल इस्तेमाल के हिसाब से आता है और यह LPG के मुकाबले सस्ती और सुरक्षित मानी जाती है। इसके अलावा सिलेंडर बुकिंग या खत्म होने की टेंशन भी नहीं रहती।
सवाल 3: अगर मेरे घर तक पाइपलाइन तकनीकी रूप से संभव न हो तो?
जवाब: ऐसी स्थिति में आपकी LPG सप्लाई बंद नहीं की जाएगी। यह नियम सिर्फ उन घरों के लिए है जहां पाइपलाइन पहुंचना संभव है और बुनियादी ढांचा मौजूद है।
