जयपुर में गैंगस्टर रोहित गोदारा ने पैसों के लिए एक बिजनेसमैन को धमकाने का मामला सामने आया है। बिजनेसमैन को इंटरनेशनल मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप कॉल करके धमकाया गया है पैसे दे दो, नहीं तो गोली मार दूंगा।
पुलिस के अनुसार यह घटना जयपुर के बनीपार्क इलाके में रहने वाले 64 वर्षीय बिजनेसमैन के साथ हुई जिसके बाद उन्होंने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। बिजनेसमैन की बड़ी चौपड़ पर साड़ियों की दुकान है। 22 दिसंबर की शाम को जब वह शॉप पर बैठे थे तो करीब 7: 05 बजे इंटरनेशनल मोबाइल नंबर से उनके पास व्हाट्सएप कॉल आया। जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को रोहित गोदारा बताया और कहा तुम राधेश्याम के पैसे क्यों नहीं दे रहे हो।
बिजनेसमैन ने जब राधेश्याम के बारे में पूछा तो रोहित ने कहा की वो पता चल जाएगा। गालियां देते हुए कहा गया कि तुम राधेश्याम के पैसे दे दो वरना तुम्हें गोली मार दूंगा। बिजनेसमैन को जान से मारने की धमकी देकर कॉल काट दिया गया। इस धमकी भरे कॉल के बाद बिजनेसमैन डर के कारण सोचते रहे। इसके बाद माणक चौक थाने में पीड़ित बिजनेसमैन ने इंटरनेशनल मोबाइल नंबर के आधार पर शिकायत दर्ज कराई।
बिजनेसमैन किसी राधेश्याम को नहीं जानता
पीड़ित बिजनेसमैन ने पुलिस को यह भी बताया कि उसका किसी राधेश्याम नाम के व्यक्ति से कोई लेन देन नही है। बिजनेसमैन ने यह भी बताया कि तीन-चार साल पहले उन्होंने जयसिंहपुरा एरिया में फ्लैट बनाने के लिए आर्यन इंडस्ट्री को काम ठेके पर दिया था। जिसके बाद काम नहीं होने के कारण उनसे वापस ले लिया गया था। इसके बाद आर्यन इंडस्ट्रीज के साथ कोर्ट में जाने पर हमारा सेटलमेंट हो गया था। परंतु राधेश्याम नाम के किसी भी व्यक्ति से मेरा कोई लेनदेन बाकी नहीं है। अब बिजनेसमैन को राधेश्याम नाम के व्यक्ति को पैसे देने के लिए रोहित गोदारा के नाम से व्हाट्सएप कॉल पर धमकी आई है और पैसे न दिए तो जान से मारने की धमकी भी दी गई है।
