Foreign Woman Molested at Jaipur – राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक बार फिर विदेशी महिला से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। यह घटना जलमहल की पाल की है, जहां कुछ युवकों ने एक विदेशी महिला पर्यटक के साथ सेल्फी लेने के बहाने अभद्रता की और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सेल्फी के बहाने खींचतान
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ युवक एक विदेशी महिला पर्यटक को घेर लेते हैं। उनमें से एक युवक महिला के गले में हाथ डालकर उसे अपनी तरफ खींचता है, जैसे सेल्फी लेनी हो। महिला असहज दिखती है और उनके बीच से निकलने की कोशिश करती है। युवक उसे रोकने की कोशिश करते हैं और उसके साथ जबरन सेल्फी लेने का दबाव बनाते हैं। पूरी घटना को किसी ने मोबाइल में कैद कर लिया और फिर सोशल मीडिया पर डाल दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
ब्रह्मपुरी थाना प्रभारी हेमंत जनागल ने बताया कि वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद संज्ञान लिया गया है। उन्होंने कहा, “महिला ने अब तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। वीडियो में वह सेल्फी लेते हुए दिख रही है, लेकिन युवकों के तरीके को देखते हुए मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।”
यह भी पढ़ें – राजस्थान में बीजेपी-कांग्रेस को मिला 112.97 करोड़ का चन्दा, इस व्यक्ति ने दिए 15 करोड़
पुलिस ने बताया कि साइबर सेल की मदद से वीडियो के सोर्स और उसमें दिख रहे युवकों की पहचान की जा रही है। जैसे ही आरोपियों की शिनाख्त होगी, उनके खिलाफ मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर सवाल
यह घटना जयपुर के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में से एक जलमहल की है। यहां देशी-विदेशी पर्यटकों की भारी भीड़ रहती है। ऐसे में विदेशी महिला पर्यटक के साथ यह घटना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह की किसी भी घटना की तुरंत सूचना दें और वायरल वीडियो को शेयर करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि करें।
