DhuranDhar 2 Breaks Baahubali’s 10-Year-Old Record – साउथ सिनेमा के बादशाह एस.एस. राजामौली की ‘बाहुबली 2’ के 10 साल पुराने रिकॉर्ड को आदित्य धर की ‘धुरंधर 2’ ने ध्वस्त कर दिया है। खास बात यह है कि ‘बाहुबली 2’ के प्रोड्यूसर खुद इससे बेहद खुश हैं और उन्होंने आदित्य धर की टीम को बधाई दी है।
आदित्य धर की ‘धुरंधर द रिवेंज’ बॉक्स ऑफिस पर जमकर धमाल मचा रही है। कमाई के मामले में यह फिल्म एक के बाद एक रिकॉर्ड तोड़ती जा रही है। भारत ही नहीं, विदेशों में भी इस फिल्म का जलवा कायम है। महज 11 दिनों में ही इस फिल्म ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली है।
दरअसल, साल 2017 में राजामौली की ‘बाहुबली 2’ ने नॉर्थ अमेरिका में करीब 20.80 मिलियन डॉलर (करीब 198 करोड़ रुपये) कमाए थे। यह रिकॉर्ड पिछले 9 सालों से कोई नहीं तोड़ पाया था। लेकिन ‘धुरंधर 2’ ने यह कारनामा कर दिखाया। ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने सिर्फ 9 दिनों में नॉर्थ अमेरिका में 198 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया।
‘बाहुबली 2’ के प्रोड्यूसर शोबू यार्लागद्दा ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर आदित्य धर को बधाई देते हुए लिखा-
“कल मैंने ‘धुरंधर द रिवेंज’ देखी। कहने की जरूरत नहीं कि मुझे यह फिल्म बेहद पसंद आई। यह देखकर बहुत खुशी हुई कि यह फिल्म भारत और दुनियाभर में सारे रिकॉर्ड तोड़ रही है। पूरी टीम को ढेरों बधाई।”
गौरतलब है कि ‘धुरंधर 2’ का ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन 325 करोड़ रुपये है, जिसमें सबसे ज्यादा योगदान अमेरिका से है। वहीं, वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1200 करोड़ रुपये पार कर चुका है। भारत में तो फिल्म ने 10 दिनों में ही 778 करोड़ रुपये का जबरदस्त कलेक्शन कर लिया है। अब देखना यह होगा कि ‘धुरंधर 2’ ‘बाहुबली 2’ के वर्ल्डवाइड कलेक्शन को भी मात दे पाती है या नहीं।
