Air India London Flight U-Turns – एअर इंडिया की एक बार फिर उड़ान को बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा है। लंदन जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट (AI-111) तकनीकी खराबी के कारण लगभग 7 घंटे की उड़ान के बाद दिल्ली लौट आई। यह एक हफ्ते में दूसरी बार है जब एयरलाइन के विमान को मिड-एयर यू-टर्न लेना पड़ा है।
क्या हुआ था?
गुरुवार सुबह 6:13 बजे दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट से लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट के लिए एअर इंडिया की फ्लाइट AI-111 रवाना हुई। फ्लाइटराडार के आंकड़ों के मुताबिक, A350 विमान सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र के ऊपर पहुंचा तो उसे यू-टर्न लेना पड़ा।
सूत्रों के अनुसार, विमान में कुछ असामान्य आवाजें सुनाई देने के बाद एहतियात के तौर पर फ्लाइट को वापस मोड़ने का फैसला लिया गया। विमान ने करीब 3,300 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद वापसी की और दोपहर करीब 1:20 बजे दिल्ली लैंड कर गया। कुल मिलाकर विमान लगभग 7 घंटे हवा में रहा।
एअर इंडिया ने क्या कहा?
एअर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि तकनीकी खराबी की आशंका के चलते विमान को एहतियातन दिल्ली वापस लाया गया। उन्होंने कहा, “विमान सुरक्षित रूप से उतर गया और एयर इंडिया के उच्च सुरक्षा मानकों के अनुरूप, वर्तमान में इसका व्यापक तकनीकी मूल्यांकन किया जा रहा है, जिसे पूरा करने में अतिरिक्त समय लगेगा।”
यह भी पढ़ें – होर्मुज में ईरान लगाएगा टोल टैक्स! जंग के बीच जहाजों से वसूली
एयरलाइन ने यह भी बताया कि यात्रियों को जलपान सहित सभी प्रकार की सहायता दी जा रही है।
एक हफ्ते में दूसरी बार
यह पहली बार नहीं है जब एअर इंडिया की किसी फ्लाइट को बीच रास्ते से लौटना पड़ा है:
- 15 मार्च: न्यूयॉर्क (जेएफके) से दिल्ली आ रही उड़ान AI102 को तकनीकी कारणों से आयरलैंड के शैनन एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया था। यह वही विमान (पंजीकरण नंबर VT-JRF) था।
- 16 मार्च: उसी विमान का निरीक्षण किया गया, जिसमें एयरबस के परामर्श से कोई खामी नहीं पाई गई। इसके बाद विमान ने बिना किसी खराबी के 10 उड़ानें भरीं।
- करीब एक हफ्ते पहले: वैंकूवर जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट भी 7 घंटे हवा में रहने के बाद दिल्ली लौट आई थी। एयरलाइन ने तब ऑपरेशनल कारण बताया था।
इंडिगो की फ्लाइट भी हुई थी डायवर्ट
इस महीने की शुरुआत में दिल्ली से मैनचेस्टर जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट को भी लगभग 7 घंटे की उड़ान के बाद बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा था। यह घटना ईरान युद्ध से संबंधित अंतिम समय में लगाए गए हवाई क्षेत्र प्रतिबंधों के कारण हुई थी।
